Thursday, March 12, 2015

इंटरनेट ने लोगों की जिंदगी इतनी आसान कर दी है

इंटरनेट ने लोगों की जिंदगी इतनी आसान कर दी है कि अब एक क्लिक पर दुनियाभर की तमाम जानकारियां उपलब्ध हो जाती हैं। इस वेब वर्ल्ड में छात्रों के अध्ययन में मदद करने के लिए भी ढेरों वेबसाइट मौजूद हैं। आप भी इंटरनेट के माध्यम से अपनी पढ़ाई में मदद ले सकते हैं।
www.vidyarthy.com
यहां करियर सलाह के लिए करियर काउंसलर भी मौजूद हैं। इसके अलावा इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट और अन्य करियर से संबंधित सभी जानकारियां और उनसे जुड़े इंस्टीटय़ूट्स के बारे में सूचनाएं दी गई हैं। देश की सभी प्रमुख यूनिवर्सिटीज के रेगुलर कोर्स, कॉरेस्पॉन्डेंस कोर्स और पार्ट टाइम कोर्स के बारे में भी बेहद उपयोगी जानकारी है। विदेशों में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्रों के लिए टॉफेल, जीआरई के बारे में जानकारी है। इन सबके अलावा ऑनलाइन टेस्ट और एग्जाम अपडेट भी यहां उपलब्ध हैं।
www.howstuffworks.com
इस वेबसाइट में सभी विषयों से संबंधित काफी अहम जानकारियां हैं। साइंस सेक्शन में क्लिक करने पर जहां कोर्स के अलावा नए आविष्कारों के बारे में पता चलेगा, वहीं हिस्ट्री और ज्योग्रफी के सेक्शन में दिलचस्प आंकड़ों से रूबरू होंगे। इंग्लिश में ग्रामर को भी बेहद मनोरंजनक तरीके  से समझाया गया है। इस सब के अलावा नई तकनीक की भी जानकारी इस वेबसाइट से मिलती है। साथ ही वेबसाइट के एडवेंचर सेक्शन में कई तरह के एडवेंचरस गेम्स और फैक्ट्स के बारे में भी जानकारी दी गई है।
www.timeforkids.com
यह वेबसाइट सभी वर्ग के छात्रों के लिए उपयोगी है। प्राइमरी क्लास के बच्चों से लेकर सीनियर सेकेंडरी तक के छात्रों के लिए यहां पर तमाम तरह की उपयोगी जानकारी उपलब्ध है। यह साइट सभी छात्रों के लिए उपयोगी लगती है। इस वेबसाइट के प्रमुख सेक्शन हैं— न्यूज, किड रिपोर्टर, अराउंड द वर्ल्ड, होमवर्क हेल्पर, फोटो एंड वीडियो, साइंस, सोशल साइंस, गेम्स, एंटरटेनमेंट आदि। होमवर्क सेक्शन आपके लिए एक बढिया विकल्प हो सकता है। इसमें आप चंद सेकेंड में अपनी समस्या का हल पा सकते हैं।
www.ipl.org/div/projectguide
आमतौर पर छात्रों को साइंस प्रोजेक्ट बनाते समय काफी दिक्कत पेश आती है। यह साइट ऐसी ही समस्याओं का हल लेकर आई है। इसमें आप आसानी से भौतिकी, रसायन व जीव विज्ञान से संबंधित किसी भी प्रोजेक्ट के लिए आसान निर्देश पाते हैं। साइंस फेयर प्रोजेक्ट रिसोर्स गाइड सेक्शन के तहत इस वेबसाइट पर प्रोजेक्ट से संबंधित काफी जानकारियां उपलब्ध हैं। इस वेबसाइट में बहुत सारे नए-नए आइडिया भी मौजूद हैं।
www.socialstudiesforkids.com
यह वेबसाइट सोशल स्टडीज को काफी दिलचस्प तरीके से समझने में मदद करती है। यहां सभी तथ्यों को बेहद आसान और रोचक तरीके से बताया गया है। यह वेबसाइट सभी छात्रों के लिए उपयोगी है। विभिन्न सेक्शंस में हिस्ट्री, ज्योग्रफी, इकोनॉमिक्स, करंट अफेयर्स, जनरल नॉलेज आदि से संबंधित संपूर्ण जानकारी दी गई है, जो बेहद उपयोगी और कारगर है।
www.biography.com
यह वेबसाइट पूरी तरह से बायोग्राफी पर ही फोकस्ड है। मशहूर खिलाड़ी हों या फिल्मी हीरो, आप यहां सभी की बायोग्राफी पढ़ सकते हैं। इतना ही नहीं, इस वेबसाइट में दिलचस्प तरीके से बायोग्राफी लिखने के तरीके भी बताए गए हैं। इन टिप्स को अपना कर अपनी राइटिंग स्किल को निखार सकते हैं और चाहें तो भविष्य में बेहतर बायोग्राफी लिखने के एक्सपर्ट भी बन सकते हैं।

No comments:

Post a Comment